रेवाड़ी। बिहारीपुर स्थित प्रसिद्ध कबीरपंथी आश्रम में देर रात चोरों ने धावा बोल दिया। चोर आश्रम के मुख्य गेट का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुए और मंदिर परिसर व कमरों को खंगालते हुए पांच चांदी के छत्र, करीब 14 हजार रुपये की नकदी और एक मोबाइल फोन चोरी कर फरार हो गए। सुबह आश्रम में सामान बिखरा मिलने के बाद वारदात का पता चला। घटना के बाद श्रद्धालुओं और ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। आश्रम के महंत बाबा परम दास किसी आवश्यक कार्य से बाहर गए हुए थे। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने देर रात आश्रम को निशाना बनाया। चोरों ने पहले मुख्य गेट का ताला तोड़ा और परिसर में प्रवेश किया। इसके बाद मंदिर में रखे चांदी के छत्रों के अलावा कमरों में रखे सामान की भी तलाशी ली। वारदात के दौरान चोर नकदी और मोबाइल फोन भी अपने साथ ले गए। सुबह तड़के आश्रम की लाइटें जलती दिखाई देने पर लोगों को कुछ अनहोनी की आशंका हुई। अंदर जाकर देखा गया तो कमरों और अन्य स्थानों पर सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। जांच करने पर मंदिर से पांच चांदी के छत्र, 14 हजार रुपये की नकदी और मोबाइल फोन गायब मिला। इसके बाद महंत बाबा परम दास को सूचना दी गई। आश्रम पहुंचने के बाद डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आश्रम के मुख्य गेट सहित आसपास के स्थानों की जांच की और चोरी से जुड़े साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया।