सीआईए-1 की टीम ने निजामपुर गंदा नाला के पास से लूट के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को शनिवार देर रात गिरफ्तार किया। आरोपी इसान निवासी कोट मोहल्ला सोनीपत हाल निवासी कच्चा कैंप और महावीर कॉलोनी के सौरव के कब्जे से तीन मोबाइल फोन और दो हजार रुपये बरामद किए। पूछताछ में आरोपियों ने चार वारदातों को स्वीकार किया है। सीआईए-1 प्रभारी संदीप ने बताया कि टीम को शनिवार शाम सूचना मिली थी कि संदिग्ध किस्म के दो युवक एक बाइक पर सवार होकर सेक्टर-18 निजामपुर गंदा नाला के पास घूम रहे हैं। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर दबिश देकर दोनों युवकों इसान और सौरव को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने 11 मार्च 2024 को उक्त बाइक पर सवार होकर जीटी रोड पर सेक्टर-11 मोड़ के पास एक्टिवा सवार एक युवक से मोबाइल झपटने की वारदात स्वीकार की। इसके अलावा तीन अन्य वारदातों को अंजाम देने बारे स्वीकारा। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन मोबाइल फोन और दो हजार रुपये बरामद किए। रविवार को दोनों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।