पानीपत। औद्योगिक नगरी पानीपत बुधवार को भक्ति और अध्यात्म के रंग में रंगी नजर आई। शहर में एक ही दिन दो भव्य सावन जोत यात्राएं निकाली गईं। इससे पूरा माहौल शिव भक्ति के जयकारों से गुंजायमान हो उठा। एक तरफ पानीपत सावन जोत सभा का 23वां चार दिवसीय वार्षिक महोत्सव शुरू हुआ, तो दूसरी तरफ मुल्तान सावन जोत सभा का नौवां वार्षिक उत्सव हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। शोभायात्रा में देशभक्ति और आधुनिक भारत की झलक प्रमुख आकर्षण का केंद्र रही। शोभायात्रा में उत्तर प्रदेश, करनाल और गुरुग्राम के मशहूर बैंडों ने अपनी संगीतमय प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। पानीपत सावन जोत सभा की यात्रा में देशभक्ति की झांकी आकर्षण का केंद्र रही। मॉडल टाउन स्थित मुल्तान भवन से निकाली यात्रा में हाइड्रोजन ट्रेन की आधुनिक स्वरूप में तैयार की गई। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हाइड्रोजन ट्रेन को झंडी दिखाते दिखाया गया। लोगों में देशभक्ति और गर्व का अहसास कराया। इसके अलावा अघोरी झांकी, हनुमान के स्वरूप और महिला मंडल द्वारा प्रस्तुत विशेष डांडिया नृत्य ने यात्रा में उत्साह भर दिया। 23वें महोत्सव में हजारों श्रद्धालुओं ने लिया जोत का प्रसाद : पानीपत सावन जोत सभा के 23वें महोत्सव के पहले दिन इंसार बाजार स्थित हिंदू सत्संग मंदिर (रोशन महल) से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। सभा के प्रधान राजेश सूरी ने बताया कि यात्रा किला क्षेत्र, गुड़मंडी, अमर भवन चौक, पचरंगा बाजार, इंदिरा बाजार और सलारगंज गेट से होते हुए फतेहपुरी चौक स्थित श्री हनुमान मंदिर तहसील कैंप में संपन्न हुई। शोभायात्रा में अनेक देवी-देवताओं के सुंदर स्वरूपों ने चार चांद लगा दिए। शोभायात्राओं की अध्यक्षता महामंडलेश्वर स्वामी अरुण दास महाराज (हरिद्वार), स्वामी दयानंद सरस्वती, कांता देवी महाराज और दाऊजी महाराज के सानिध्य में हुई। इसी श्रृंखला में वीरवार को पानीपत सावन जोत सभा और आदर्श जन सेवा समिति द्वारा रक्तदान शिविर लगाया जाएगा। इसके साथ एक जरूरतमंद कन्या का विवाह कराया जाएगा। उधर, श्री मां गंगे सावन जोत महोत्सव सभा ने वीरवार को आयोजित होने वाली अपनी शोभायात्रा को लेकर बैठक कर तैयारियां पूरी कर ली हैं। मुल्तान सावन जोत सभा मॉडल टाउन द्वारा बुधवार को नौवें वार्षिक उत्सव पर मॉडल टाउन में शोभायात्रा निकाली। सुबह हवन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की। मुख्य यजमान मदनलाल अनेजा और अनिल पहलवान रहे। सभा के प्रधान विपिन चुघ ने बताया कि शाम को मुल्तान भवन से एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इसमें उत्तर प्रदेश के विभिन्न शहरों से आईं झांकियां, करनाल और गुरुग्राम के बैंड की धुनें मुख्य आकर्षण रहीं। शोभायात्रा में हाइड्रोजन ट्रेन की आधुनिक झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। शोभायात्रा मॉडल टाउन के मुख्य मार्गों से होते हुए गुरु नानकपुरा स्थित शिवालय मंदिर में संपन्न हुई। यहां अटूट लंगर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज, स्वामी दयानंद सरस्वती, स्वामी श्रीनाथ महाराज और कांता देवी महाराज का सानिध्य रहा। मुख्यातिथि भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता, शहरी विधायक प्रमोद विज, मेयर कोमल सैनी, दुष्यंत भट्ट, नवीन भाटिया, चांद भाटिया और पार्षद संजीव दहिया रहे। मंच संचालन मदनलाल आजाद और कैलाश नारंग ने किया।