नगर निगम कर्मचारियों की हड़ताल के दौरान बुधवार को लगातार तीसरे दिन विरोध जताते हुए कर्मचारियों ने सुबह-सवेरे शहर के व्यस्त चौड़ा बाजार के बीचों-बीच एक डंपर और ट्राली कूड़ा उड़ेल दिया। इसके बावजूद पूरा दिन बीत जाने के बाद भी निगम की कोई टीम कूड़ा उठाने मौके पर नहीं पहुंची। बाजार में दिनभर पसरी दुर्गंध के कारण दुकानदारों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। दूसरी तरफ, स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए प्रशासन और पुलिस बल ने शहरी विधायक के कार्यालय के बाहर बैरिकेड्स लगाकर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी थी। कर्मचारियों ने विधायक कार्यालय से दूरी बनाए रखी और पालिका बाजार कार्यालय के नीचे ही अपना धरना जारी रखा। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों के प्रतिनिधिमंडल ने मेयर कोमल सैनी से मुलाकात कर उन्हें अपनी विभिन्न लंबित मांगों के समर्थन में ज्ञापन सौंपा। यूनियन के प्रधान नरेश कुमार अठवाल ने कहा कि निगम प्रशासन और सरकार उनकी जायज मांगों की लगातार अनदेखी कर रही है, जिसके चलते उन्हें इस तरह के सख्त कदम उठाने के लिए मजबूर होना पड़ा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगों का स्थायी समाधान नहीं निकाला जाता, तब तक कर्मचारियों का यह आंदोलन इसी तरह जारी रहेगा। कर्मचारियों की हड़ताल और बाजार में फैले कचरे के कारण शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है।