निजामपुर। निजामपुर से नांगल चौधरी रूट पर हरियाणा रोडवेज की बसों की कमी के कारण विद्यार्थियों, मजदूरों और रोजमर्रा के कामकाज के लिए आने-जाने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खासकर गोलवा गांव तक के यात्रियों के लिए बस सेवा उपलब्ध नहीं होने से समस्या और गंभीर हो गई है। बसों की पर्याप्त सुविधा नहीं होने के कारण विद्यार्थियों को शिक्षण संस्थानों तक पहुंचने में दिक्कत होती है। वहीं, मजदूरों और अन्य यात्रियों को भी अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ता है। यात्रियों को हरियाणा रोडवेज की बसों के इंतजार में सड़क किनारे खड़े रहना पड़ता है, जिससे उनका समय भी बर्बाद होता है। क्षेत्र के लोगों की मांग है कि निजामपुर से नांगल चौधरी रूट पर हरियाणा रोडवेज की बसों की संख्या बढ़ाई जाए तथा गोलवा गांव तक नियमित बस सेवा उपलब्ध करवाई जाए, ताकि विद्यार्थियों, मजदूरों और आम यात्रियों को राहत मिल सके।