नारनौल। शहर में 15 हजार से अधिक पेयजल एवं सीवरेज कनेक्शन अवैध अथवा अनधिकृत हैं, जिन्हें वैध एवं नियमित करवाने के लिए जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की ओर से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। कार्यकारी अभियंता प्रदीप कुमार ने बताया कि विभाग ने आगामी छह माह के दौरान प्रत्येक माह 3 हजार अवैध कनेक्शनों को वैध करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इस अभियान को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए शहर में विभागीय टीमों का गठन कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि जो उपभोक्ता अपने अवैध कनेक्शन को निर्धारित अवधि में वैध नहीं करवाएंगे, उनके कनेक्शन काटने के लिए भी विभाग की ओर से अलग टीमों का गठन किया गया है। वैध कनेक्शन करने वाली टीमों के साथ-साथ कनेक्शन काटने वाली टीमें भी घर-घर जाकर निरीक्षण करेंगी। अधीक्षक अभियंता ने बताया कि जिले के पांचों शहरों में पेयजल एवं सीवरेज कनेक्शनों को वैध एवं नियमित करवाने का अभियान जारी है। अभियान की अवधि समाप्त होने के बाद अवैध एवं अनधिकृत कनेक्शनधारियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस अभियान के अंतर्गत नागरिक केवल जल कनेक्शन, केवल सीवरेज कनेक्शन अथवा जल एवं सीवरेज दोनों कनेक्शन स्वीकृत करवा सकते हैं। जल एवं सीवरेज कनेक्शनों की बिलिंग विभाग द्वारा निर्धारित दरों के अनुसार की जाएगी। कनेक्शन स्वीकृति के लिए आवेदन फार्म विभागीय टीमों तथा संबंधित कार्यालयों में उपलब्ध करवाए गए हैं। कार्यकारी अभियंता ने बताया कि कनेक्शन वैध करवाने के लिए आवेदन करते समय नागरिकों को फोटो पहचान पत्र, परिवार पहचान पत्र, संपत्ति/मालिकाना हक का प्रमाण तथा निर्धारित आवेदन पत्र उपलब्ध करवाना होगा।