महेंद्रगढ़ कनीना। कनीना बार एसोसिएशन के चुनाव में शुक्रवार को मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। चुनाव में 216 में से 209 अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। प्रधान पद पर राकेश मानपुर ने 126 वोट प्राप्त कर अपने प्रतिद्वंद्वी देशबंधु को 43 मतों से पराजित किया। देशबंधु को 83 वोट मिले। इस प्रकार राकेश मानपुर को बार एसोसिएशन का नया प्रधान निर्वाचित घोषित किया गया। वहीं, उपप्रधान पद के लिए भी कड़ा मुकाबला देखने को मिला। वीरेंद्र जांगड़ा को 126 वोट, जबकि अखिल अग्रवाल को 82 वोट मिले। उपप्रधान पद के चुनाव में एक वोट निरस्त हुआ। इस तरह वीरेंद्र जांगड़ा ने 44 मतों के अंतर से जीत दर्ज कर उपप्रधान पद हासिल किया। चुनाव प्रक्रिया चुनाव अधिकारी दिनेश कुमार जसवास की देखरेख में संपन्न हुई। मतदान के लिए बार रूम में दो बूथ बनाए गए थे। मतदान सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक हुआ, जिसके बाद मतगणना शुरू की गई और परिणाम घोषित किए गए। सचिव पद पर भास्कर चौधरी निर्विरोध निर्वाचित हुए। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद विजयी उम्मीदवारों के समर्थकों ने उन्हें बधाई दी और अधिवक्ताओं ने नई कार्यकारिणी से बार के हितों के लिए सक्रियता से कार्य करने की उम्मीद जताई।