हरियाणा केंद्रीय विश्विद्यालय के सामने शुक्रवार को सर्व कल्याण मंच की ओर से युवाओं के लिए पुस्तकालय का शुभारंभ किया गया। इसमें युवाओं को निशुल्क शिक्षा प्रदान की जाएगी। इसमें बतौर मुख्य अतिथि एसपी दीपक कुमार जबकि विशिष्ट अतिथि कुलपति प्रो. टंकेश्वर कुमार, एसडीएम योगेश सैनी आदि ने शिरकत की। कार्यक्रम में 100 से अधिक लोग एकत्र हुए। एसपी दीपक कुमार ने कहा कि कई बार शिक्षा के क्षेत्र में कुछ अभावों की वजह से किन्हीं को रिसोर्सेज नहीं मिल पाते, तो हमारी प्रतिभाएं कहीं ना कहीं दम तोड़ देती हैं। तो उनको एक यह सहायता मिलेगी और उनको अपना सपने साकार करने में इससे मदद मिलेगी। उन्होंने कम्युनिटी पुलिसिंग का व्हाट्सएप ग्रुप बनाया है। उन्होंने कहा कि इसमें ज्यादा लोग जुड़ें और घटनाओं, नशा तस्करी या अन्य अपराध की जानकारी इसमें साझा करें। इस पर तुरंत एक्शन लेगी। सुरक्षा पर कहा कि जब तक जनता का सहयोग नहीं होगा तब तक पुलिस को एक बड़ी दिक्कत होगी। हमारा उद्देश्य चालान से रेवेन्यू अर्जित करना नहीं बल्कि कुछ प्रदूषण के पैमाने होते हैं और उनका उल्लंघन न हो। साथ नशे की रोकथाम के लिए चौकी इंचार्ज को जानकारी देने और इस रोकथाम करने की बात कही। वहीं, पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई के मामले पर एसपी ने किसी प्रकार की टिप्पणी करने से मना कर दिया। कुलपति प्रो. टंकेश्वर कुमार ने कहा कि लाइब्रेरी का आसपास के बच्चों को तो फायदा होने ही वाला है, लेकिन इसमें हकेंवि के कुछ विद्यार्थी बाहर बैठे रहते हैं, उनको भी इसका लाभ मिलेगा। मंच की ओर से कुलपति के समक्ष विवि के ऑडिटोरियम का नाम शहीद हुक्मचंद के नाम रखने, महापुरुषों के नाम से चौक का नाम, हकेंवि के सामने वाले चौक को रानी लक्ष्मीबाई के नाम रखने, गेट पर विवि के साथ जांट-पाली लिखने की मांग की। इस पर कुलपति ने विचार करने का आश्वासन दिया। सर्व कल्याण मंच के संस्थापक सदस्य अमित भारद्वाज ने कहा कि मंच के प्रदेशाध्यक्ष नवीन कौशिक की प्रेरणा से लाइब्रेरी का शुभारंभ किया गया है। यह कार्यक्रम अच्छा रहा है और उम्मीद है कि इसमें कुलपति और एसपी के समक्ष रखी मांगे जल्द पूरी होंगी।