जेलों में बंद सिखों की रिहाई के लिए देश भर में जेल भरो आंदोलन चलाए जाने की जरूरत है। इसके लिए हर स्तर पर संघर्ष करना पड़ेगा। हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी की ओर से एक प्रतिनिधिमंडल भी इस मामले में संघर्ष कर रही कमेटी से मिलेगा और आगे की रूपरेखा बनाई जाएगी। यह कहना है कि हरियाणा कमेटी के अध्यक्ष जत्थेदार जगदीश सिंह झींडा का। वे गुरुद्वारा छठी पातशाही में पत्रकारों से चर्चा कर रहे थे। इससे पहले उन्होंने कमेटी सदस्यों के साथ गुरुद्वारा छठी पातशाही में सिख बंदियों की रिहाई के लिए पाठ किया। इस समागम पाठ में सैंकड़ों की संख्या में संगत भी शामिल हुई। झींडा ने कहा कि सिख बंदियों की रिहाई के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तक आश्वासन दे चुके हैं, इसके बावजूद आज तक इन्हें रिहा नहीं किया जा सका है। बंदी सिखों की जल्द रिहाई होनी चाहिए। सरकार को इसके लिए तत्काल कदम उठाए जाने की जरूरत है। पंजाब में इसी मांग को लेकर किए जा रहे बंद को भी उन्होंने कहा कि यह कदम उचित है और भी आंदोलन की जरूरत है।