भले ही प्रदेश स्तर पर निकाय सफाई कर्मचारियों की हड़ताल समाप्त हो गई है लेकिन कुरुक्षेत्र में नया पेंच आ गया है, जिसके चलते कर्मचारी फिर हड़ताल पर उतर आए हैं। सफाई कार्य व टिप्परों पर संबंधित ठेकेदारों ने हड़ताल पर गए कर्मचारियों को वापस लेने से इंकार कर दिया है, जिसके चलते कर्मचारियों ने न केवल डीएमसी कार्यालय पर सुबह छह बजे से ही धरना शुरू किया हुआ है बल्कि जमकर रोष भी जताया जा रहा है। कर्मचारियों की हड़ताल के बीच प्रशासन द्वारा सफाई कार्य कराए जाने के प्रयास किए गए थे, जिनके चलते ही ठेकेदारों ने नए कर्मी भी सफाई व टिप्परों के संचालन के लिए रख लिए थे। अब हड़ताल खत्म होने पर आज शनिवार सुबह छह बजे जैसे ही कर्मचारी काम पर लौटे तो वहां उन्हें काम से इंकार कर दिया गया। यहां तक कि टिप्पर चालकों-सहायकों को चाबी नहीं दी गई। ऐसे में कुछ देर बाद ही सैंकड़ों कर्मचारी जमा हो गए तो डीएमसी कार्यालय पर धरना भी शुरू कर दिया। फिलहाल न टिप्पर चल पाए हैं और न ही शहर में सफाई कार्य शुरू हो पाया है। विवाद के बीच कर्मचारी धरना देकर कड़ा रोष जाहिर कर रहे हैं। थानेसर इकाई प्रधान सुनील लोहाट व सर्वकर्मचारी संघ के नेता ओमप्रकाश ने कहा कि पहले के कर्मचारियों को फिर से काम पर नहीं लिया गया तो फिर से कड़ा आंदोलन किया जाएगा।