शंभु और खनोरी बॉर्डर पर चल रहे आंदोलन के समर्थन में भाकियू चढूनी ने अपना अनशन शुरू कर दिया। गुरनाम सिंह चढूनी, भाकियू के कार्यकारी अध्यक्ष कर्म सिंह मथाना समेत 11 किसान भूख हड़ताल पर बैठे हैं। आज शाम चार बजे भाकियू आंदोलन की मांगों समेत नए मंडी एक्ट के विरोध में प्रधानमंत्री मोदी के नाम डीसी को ज्ञापन देगी। इससे पहले किसानों ने लघु सचिवालय पर सरकार के खिलाफ जमकर रोष प्रदर्शन किया। भाकियू ने प्रदेश भर में जिला स्तर पर प्रदर्शन और भूख हड़ताल करने का ऐलान किया था। गुरनाम सिंह चढूनी ने बताया कि किसान आंदोलन पर सरकार ने एमएसपी पर फसल खरीद करने का आश्वासन दिया था, जिसके बाद किसानों ने आंदोलन वापस ले लिया था, मगर सरकार ने उनके साथ वादाखिलाफी की है। इसी के विरोध में पंजाब बॉर्डर पर किसान फरवरी से आंदोलन कर रहे हैं, मगर सरकार उनकी नहीं सुन रही है। बताया कि सरकार नया मंडी एक्ट लागू करने जा रही है। यह तीन कृषि कानून का ही एक हिस्सा है। इसके तहत सरकार खाली जगह और मिल को मंडी माना जाएगा। इससे न सिर्फ किसानों को बल्कि आढ़ती और मजदूरों को भी नुकसान होगा। इसी के विरोध में भाकियू प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन दे रही है।