पिछले दो दिनों से करनाल में उमस भरी गर्मी ने शहरवासियों को परेशान किया था, लेकिन बुधवार दोपहर को हुई हल्की बारिश ने लोगों को कुछ राहत पहुंचाई। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, करनाल में मेघगर्जन और तेज हवाओं (30-40 किमी/घंटा) के साथ मध्यम बारिश की संभावना थी, जो बुधवार को देखने को मिली। हालांकि, इस बारिश ने शहर के कुछ हिस्सों, खासकर पुराने बस स्टैंड के सामने जलजमाव की समस्या पैदा कर दी। सड़कों पर जमा पानी के कारण दोपहिया वाहन चालकों और ई-रिक्शा चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। ई-रिक्शा चालकों ने बताया कि जलजमाव के कारण उनकी गाड़ियां फिसल रही थीं और यात्रियों को लाने-ले जाने में दिक्कत हो रही थी। एक चालक ने कहा कि पानी जमा होने से रास्ता बंद हो गया है, जिससे हमें लंबा रास्ता लेना पड़ रहा है। इससे समय और कमाई दोनों पर असर पड़ रहा है।