महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर शहर के मंदिरों में भक्तों का तांता लगा रहा। सेक्टर 13 स्थित श्री गीता मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालु लंबी-लंबी कतारों में भगवान शिव के जलाभिषेक के लिए खड़े नजर आए। श्रद्धालु फूल, बेलपत्र, फल, भांग, धतूरा और अन्य पूजन सामग्री लेकर भोलेनाथ के दर्शन के लिए पहुंचे। इस अवसर पर श्री गीता मंदिर के प्रधान कैलाश गुप्ता ने बताया कि सुबह से ही श्रद्धालु भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए उमड़ पड़े। यह सिलसिला पूरे दिन जारी रहेगा और रात्रि में मंदिर में हवन का आयोजन किया जाएगा, जो पूरी रात चलेगा। उन्होंने कहा कि भगवान शिव थोड़ी सी पूजा से ही प्रसन्न होने वाले देवता हैं और अपने भक्तों की सभी मनोकामनाएं पूरी करते हैं।