कलायत क्षेत्र में पंजाबी गायक आरनेत की फिल्म और म्यूजिक वीडियो की शूटिंग के दौरान हथियारों के प्रदर्शन का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने फिल्म के डायरेक्टर एवं प्रोड्यूसर परम चहल को नोटिस जारी कर पूरे मामले में स्पष्टीकरण मांगा है। पुलिस के अनुसार, शूटिंग के दौरान बिना अनुमति हथियारों का प्रदर्शन किए जाने की बात सामने आई है। सोशल मीडिया पर वीडियो प्रसारित होने के बाद पुलिस ने मामले को संज्ञान में लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सार्वजनिक तौर पर हथियारों का प्रदर्शन कानून-व्यवस्था की दृष्टि से गंभीर विषय है और इससे आमजन में भय का माहौल पैदा हो सकता है। डीएसपी बीर भान ने बताया कि परम चहल से नोटिस के माध्यम से जवाब मांगा गया है। नोटिस के जवाब और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया पर हथियारों का अनावश्यक प्रदर्शन नहीं करने की अपील की है। अधिकारियों के अनुसार, नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।