डीसी अपराजिता ने बुधवार सुबह स्वामी विवेकानंद जिला पुस्तकालय का दौरा किया। जहां उन्होंने बच्चों को दी जाने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी हासिल की। साथ ही बच्चों के लिए केबिन की संख्या बढ़ाए जाने सहित भवन की मरम्मत के लिए पीडब्ल्यूडी व पुस्तकालय के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए। डीसी सुबह पुस्तकालय पहुंचीं, जहां जिला उच्च शिक्षा अधिकारी डा. मनोज कुमार बांबू ने पुष्प गुच्छ से उनका अभिनंदन किया। इसके बाद डीसी अपराजिता ने सबसे पहले लड़कों के पठन कक्ष का निरीक्षण किया। जहां उन्होंने बच्चों से बातचीत कर पुस्तकालय में दी जाने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने ई-लाइब्रेरी कक्ष का दौरा किया। जहां इंटरनेट संबंधी सुविधाओं की समीक्षा की। इसके बाद डीसी ने पुस्तकालय में रखी पुस्तकों का निरीक्षण किया। जो व्यवस्थित ढंग से रखी हुई थी। इसके बाद डीसी अपराजिता ने शौचालयों का भी निरीक्षण किया। साथ ही स्टोर रूम में सामान को व्यवस्थित ढंग से रखने के निर्देश दिए।