कैथल जिला नागरिक अस्पताल में वीरवार को स्वास्थ्य विभाग के निदेशक कुलदीप गौरी ने औचक निरीक्षण किया। इस निरीक्षण के तहत निदेशक ने अस्पताल में मरीजों को दी जा रही सुविधाओं पर जानकारी प्राप्त की। अपने निरीक्षण के दौरान निदेशक ने अस्पताल प्रबंधन से आपातकालीन वार्ड, सामान्य ओपीडी और दंत ओपीडी में पहुंचकर जानकारी ली। अपने निरीक्षण के तहत निदेशक कुलदीप गौरी ने आपातकालीन वार्ड का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने यहां पर बने नर्सिंग स्टाफ कक्ष में आने वाली दाखिल मरीजों की फाइलों पर जानकारी ली। यहां पर उन्होंने आयुष्मान कार्ड धारकों को जानकारी देने के उद्देश्य से आयुष्मान मित्र रखने के आदेश दिए। इसके बाद यहां पर बनी ओपीडी पर जानकारी ली। इसमें अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि इस वार्ड की मरम्मत का काम जल्द शुरू होना है। इस पर निदेशक ने कहा कि यहां पर जल्द ही मरम्मत का कार्य शुरू किया जाए, ताकि मरीजों को बेहतर सुविधाएं मिल पाएं। उन्होंने कहा कि यदि हम अपने घर में साफ-सफाई को लेकर विशेष ध्यान रखेंगे तो हमारा घर अधिक सुंदर बन पाएगा। इसके बाद निदेशक सामान्य ओपीडी में पहुंचे। यहां पर उन्होंने मरीजों को दिए जा रहे इलाज पर जानकारी ली। अंत में निदेशक कुलदीप गौरी ने दंत ओपीडी में पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। यहां पर मौजूद चिकित्सकों से दंत ओपीडी की जानकारी ली। कहा कि यहां पर आने वाले मरीजों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए लगातार कार्य किए जाएं। इस मौके पर उनके सिविल सर्जन डॉ. रेनू चावला, प्रधान चिकित्सा अधिकारी डॉ. सचिन मांडले, डॉ. दिनेश कंसल, डॉ. आरडी चावला आदि डॉक्टर मौजूद थे।