नागरिक अस्पताल में मूलभूत सुविधाओं को लेकर लापरवाही सामने आ रही है। अस्पताल के शौचालय में लगी पानी की टूंटी पिछले कई दिनों से खराब पड़ी हुई है। स्थिति यह है कि टूंटी को अस्थायी रूप से रस्सियों के सहारे बांधकर रखा गया है, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल में रोजाना बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए आते हैं। इसके अलावा उनके साथ आने वाले परिजन भी अस्पताल की सुविधाओं का उपयोग करते हैं। ऐसे में शौचालय जैसी जरूरी सुविधा का सही स्थिति में न होना लोगों के लिए समस्या बन गया है। मरीजों का कहना है कि टूंटी ढीली होने के कारण पानी सही तरीके से नहीं निकलता और कई बार पानी इधर-उधर फैल जाता है, जिससे गंदगी भी फैलने लगती है। अस्पताल में आए कुछ लोगों ने बताया कि टूंटी को ठीक कराने की बजाय उसे रस्सी से बांधकर अस्थायी व्यवस्था कर दी गई है, जो लंबे समय से उसी हालत में है। इससे अस्पताल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। लोगों ने अस्पताल प्रशासन से मांग की है कि मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जल्द से जल्द टूंटी को ठीक करवाया जाए और शौचालयों की नियमित रूप से जांच व सफाई सुनिश्चित की जाए, ताकि अस्पताल आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।