जींद। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति और दूरदर्शी नेतृत्व से देश को एकता के सूत्र में पिरोने का ऐतिहासिक कार्य किया। उनकी बदौलत भारत की एकता और अखंडता को नई मजबूती मिली। यह बात हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा ने शुक्रवार को राष्ट्रीय एकता दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में कही। सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर जींद में रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया गया। डिप्टी स्पीकर ने रानी तालाब से हरी झंडी दिखाकर दौड़ को रवाना किया। इसमें प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों और शहर के नागरिकों ने भाग लिया। दौड़ शहीदी स्मारक पर संपन्न हुई। इस दौरान डिप्टी स्पीकर ने सभी प्रतिभागियों को राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ भी दिलाई। *नशे से दूर रहकर खेलों से जुड़ें युवा* डॉ. मिड्ढा ने कहा कि युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराई से बचाना सरकार और समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार युवाओं को खेलों और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने के लिए जागरूकता अभियान चला रही है। उन्होंने युवाओं से अपनी ऊर्जा शिक्षा, खेल और रचनात्मक कार्यों में लगाने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य रखा है। इस संकल्प को पूरा करने में युवाओं की भूमिका अहम होगी। प्रत्येक नागरिक को जाति, धर्म और क्षेत्र से ऊपर उठकर देश की एकता और विकास के लिए काम करना चाहिए। इस अवसर पर डीसी डॉ. वैशाली शर्मा, एसपी उपासना यादव, एडीसी प्रदीप कुमार, नगराधीश मोनिका रानी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।