गांव खेड़ी तलौड़ा में रुपयों के लेन-देन को लेकर हुई व्यक्ति की संदिग्ध मौत के मामले मे पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज किया है। वहीं, परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं और सुसाइड नोट का भी जिक्र कर रहे हैं, जो मृतक की बेटी से लिखवाया गया है। परिजनों ने उसके आधार कार्रवाई की मांग को लेकर शव को उठाने से भी मना कर दिया। बाद में पिल्लूखेड़ा थाना प्रभारी द्वारा आश्वासन दिए जाने पर परिजन शव को उठाने को राजी हुए। गांव खेडी तलौडा निवासी विनोद को 22 जून को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पाकर पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और हालातों का जायजा लिया। मृतक की पत्नी बाला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके पति ने गांव जामनी निवासी नसीब से एक लाख रुपये में भैंस खरीदी थी, जिसमें से 60 हजार रुपये नसीब को दिए जा चुके थे, जबकि 40 हजार रुपये बकाया थे। उस राशि को लेकर नसीब उसके पति विनोद को प्रताड़ित कर रहा था। नसीब ने उसके पति की ट्रॉली को अपने कब्जे में ले लिया।