जींद। जरूरतमंद का जीवन बचाने से बड़ा कोई पुण्य नहीं है। रक्तदान करने से जरूरतमंद को रक्त उपलब्ध करवाकर जीवन बचाया जा सकता है। यह बात डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्णलाल मिड्ढा के प्रतिनिधि एवं बेटे रुद्राक्ष मिड्ढा ने कही। वह नागरिक अस्पताल स्थित ब्लड बैंक परिसर में शहीद-ए-आजम भगत सिंह सोसायटी की ओर से किनाना निवासी एवं रोहतक मेडिकल कॉलेज की छात्रा सिमरन के जन्मदिन पर आयोजित रक्तदान शिविर में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे थे। उन्होंने रक्तदाताओं का आभार जताते हुए बैज लगाकर उनका उत्साहवर्धन किया। संस्था संस्थापक एवं बीपीएचओ की महिला प्रदेशाध्यक्ष हेमलता प्रजापति और कृष्ण उर्फ सोनू पहलवान ने बताया कि शिविर के दौरान बेटी सिमरन का जन्मदिन केक काटकर मनाया गया। शिविर में युवा सोनू पहलवान ने 41वीं बार और नवीन जांगड़ा ने 26वीं बार रक्तदान किया। इसके अलावा राहुल, मनोज, सुभाष, अंकित, विजय, राजेंद्र कुमार और अमन ने भी रक्तदान कर मानव सेवा में योगदान दिया। इस अवसर पर पंचायत समिति प्रतिनिधि महीपाल कौशिक, नवीन जांगड़ा, पूर्व डीआईपीआरओ सुरेंद्र कुमार वर्मा, रीना, अन्नू और आरती मौजूद रहे।