जींद के जुलाना में उपमंडल के गतौली गांव में एक किसान की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव निवासी 44 वर्षीय जयपाल के रूप में हुई है। किसान जयपाल वीरवार रात अपने खेतों में पानी लगाने के लिए घर से निकले थे। सुबह खेतों में बनी नाली में उनका शव पड़ा मिला। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू की। पुलिस द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए गए। अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है और न ही किसी प्रकार के चोट के स्पष्ट निशान सामने आए हैं। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। वहीं गांव के लोग इस घटना को लेकर गहरी चिंता और दुख व्यक्त कर रहे हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।