जींद। शहीद-ए-आजम सरदार भगत सिंह की जयंती पर सोमवार को पुलिस लाइन में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें एसपी कुलदीप सिंह ने शहीद भगत सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और ज्योति प्रज्वलित कर उनके विचारों एवं आदर्शों को जीवन में अपनाने का संदेश दिया। एसपी कुलदीप सिंह ने कहा कि शहीद भगत सिंह का जीवन देशभक्ति, साहस, त्याग और जागरूकता की प्रेरणा देता है। उन्होंने देश और समाज के हित को सर्वोपरि रखते हुए युवाओं को शिक्षा, विचार और सकारात्मक सोच के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि आज के समय में युवाओं को शहीद भगत सिंह के जीवन से प्रेरणा लेते हुए नशे, अपराध और अन्य सामाजिक बुराइयों से दूर रहना चाहिए। युवाओं को शिक्षा, खेल, अनुशासन और सकारात्मक गतिविधियों में भाग लेना चाहिए। युवा शक्ति किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत है और जागरूक युवा ही समाज को सही दिशा प्रदान कर सकते हैं। एसपी ने युवाओं से आह्वान किया कि वे स्वयं जागरूक बनें और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी नशे एवं अपराध से दूर रहने के लिए प्रेरित करें। शहीद भगत सिंह के देशभक्ति और जागरूकता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने शहीद भगत सिंह के आदर्शों पर चलने तथा समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। 2पुलिस की ओर से कहा गया कि युवाओं को सही दिशा देने और समाज को नशामुक्त एवं अपराधमुक्त बनाने के लिए जनभागीदारी के साथ जागरूकता अभियान लगातार चलाए जाएंगे।