बादली। जिलाभर में डीसी वर्षा खांगवाल के मार्गदर्शन में आगामी 17 अक्टूबर तक चल रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत सोमवार को ‘आंगन मिलन सेवा’ मॉड्यूल के अंतर्गत खंड के ग्रामीण क्षेत्रों के सभी आंगनवाड़ी केंद्रों में तीन दिवसीय कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस दौरान आंगनवाड़ी केंद्रों पर लाभार्थियों से संवाद कर पोषण, बच्चों की वृद्धि एवं विकास, स्वस्थ खान-पान और अच्छे व्यवहार सहित विभिन्न विषयों पर जानकारी दी गई। महिला एवं बाल विकास विभाग की डीपीओ नेहा दहिया ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान आंगनवाड़ी केंद्रों के लाभार्थियों से संवाद करते हुए उन्हें बच्चों के उचित पोषण, वृद्धि एवं विकास तथा स्वस्थ जीवनशैली के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। साथ ही गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों के लिए संतुलित एवं पौष्टिक आहार के संबंध में भी जानकारी दी गई।