बहादुरगढ़। सफाई कर्मचारियों की हड़ताल लंबी खिंचने के साथ शहर में कूड़ा न उठने से आमजन की परेशानी बढ़ती जा रही है। सड़कों, गलियों और खाली स्थानों पर जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। करीब 700 टन कूड़ा जमा होने के कारण कई इलाकों में लोगों का आवागमन तक प्रभावित हो रहा है। कूड़ा उठान नहीं होने से परेशान लोग अब इसे सड़कों और गलियों में ही जलाने लगे हैं। कूड़ा जलाने से उठने वाला धुआं आसपास के लोगों के लिए परेशानी का कारण बन रहा है। साथ ही वातावरण में प्रदूषण बढ़ने का खतरा भी बना हुआ है। लोगों का कहना है कि कई दिनों से कूड़ा नहीं उठने के कारण घरों से निकलने वाला कचरा भी गलियों में जमा होता जा रहा है। स्थानीय लोगों ने नगर परिषद से जल्द सफाई व्यवस्था बहाल करने और जमा कूड़े का उठान कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कूड़ा नहीं उठाया गया तो स्थिति और खराब हो सकती है। शहरवासियों ने प्रशासन से हड़ताल का समाधान निकालकर नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।