झज्जर। सुरक्षित बचपन अभियान के तहत जिले के सरकारी एवं निजी विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान के तीसरे दिन जिले के 48 सरकारी एवं निजी विद्यालयों में जागरूकता शिविर लगाए गए। अभियान के तहत जिला बाल संरक्षण इकाई, साइबर क्राइम पुलिस थाना, किशोर न्याय बोर्ड से जुड़े सदस्यों एवं संबंधित विभागों के रिसोर्स पर्सन की तरफ से विद्यालयों में प्रार्थना सभा के दौरान विद्यार्थियों को बाल सुरक्षा एवं उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इसके साथ ही न्यायिक अधिकारी भी विभिन्न विद्यालयों का दौरा कर बच्चों को जागरूक कर रहे हैं। सीजेएम एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण झज्जर विशाल ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दुजाना का दौरा किया और विद्यार्थियों को बाल सुरक्षा एवं उनके अधिकारों के संबंध में जागरूक किया। सिविल जज (जूनियर डिवीजन) आदित्य वर्मा ने भी विद्यार्थियों को जागरूक किया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी विशाल व सिविल जज जूनियर डिवीजन विनीत कुमार ने राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में प्रार्थना सभा के दौरान विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने बच्चों को पोक्सो अधिनियम, 2012, गुड टच एवं बैड टच, बाल विवाह की रोकथाम, बाल अधिकारों तथा चाइल्ड हेल्पलाइन के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को समझाया कि किसी भी अनुचित व्यवहार की स्थिति में चुप न रहें बल्कि अपने अभिभावकों, शिक्षकों अथवा संबंधित अधिकारियों को इसकी जानकारी दें और आवश्यकता पड़ने पर सहायता प्राप्त करें।