एनसीआर में वायु प्रदूषण रोकने के लिए प्रशासन और संबंधित विभागों की ओर से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन गुभाना गांव में अवैध रूप से चल रही भट्ठियों का मामला सामने आया है। ग्रामीणों के अनुसार गांव में करीब 20 से 25 भट्ठियां संचालित हो रही हैं, जिनसे निकलने वाले धुएं के कारण आसपास के क्षेत्र में प्रदूषण फैल रहा है। गांव निवासी दीपक और मनजीत ने बताया कि करीब दो माह पहले प्रदूषण बोर्ड को शिकायत दी गई थी। शिकायत के बाद विभाग की ओर से कार्रवाई करते हुए एक भट्ठी को तोड़ा गया था, लेकिन कुछ समय बाद दोबारा इसका संचालन शुरू हो गया। ग्रामीणों का आरोप है कि अब कई स्थानों पर भट्ठियां फिर से चल रही हैं। दीपक ने बताया कि भट्ठियों से निकलने वाले धुएं के कारण सुबह के समय गांव और आसपास के खेतों में धुआं छाया रहता है। किसानों को खेतों तक आने-जाने में परेशानी होती है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से मामले की जांच कर प्रदूषण फैलाने वाली भट्ठियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।