दिल्ली के जंतर-मंतर पर आयोजित देशव्यापी विरोध प्रदर्शन के समर्थन में शनिवार को बहादुरगढ़ की आदर्श नगर कॉलोनी स्थित चौक पर सीटू कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। मजदूर संगठन सीटू, अखिल भारतीय किसान सभा और अखिल भारतीय खेत एवं ग्रामीण मजदूर यूनियन के संयुक्त राष्ट्रीय आह्वान पर हुए प्रदर्शन में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने और गिरफ्तार करने की मांग उठाई गई। प्रदर्शनकारियों ने उनके पुतले का दहन कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। सीटू की जिला कन्वीनर किरण मिश्रा ने आरोप लगाया कि दिल्ली में प्रदर्शन से पहले छात्र-युवा नेताओं को हिरासत में लिया गया और आंदोलन में शामिल होने जा रहे लोगों को रोका गया। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताया। सीटू जिला कमेटी के मुकेश मोरखी ने कहा कि संविधान के अनुच्छेद 19 के तहत अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और विरोध का अधिकार नागरिकों को प्राप्त है। उन्होंने दिल्ली में छात्र संगठनों, राजनीतिक कार्यकर्ताओं और अन्य प्रदर्शनकारियों की गिरफ्तारियों की निंदा की। नौजवान सभा की राज्य कमेटी के शुभम ने कहा कि लोकतंत्र और वोट के अधिकार की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रहेगा। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने ‘इंकलाब जिंदाबाद’ और ‘लोकतंत्र के हत्यारे मुर्दाबाद’ जैसे नारे लगाए। प्रदर्शन में अश्विना, सोनम सोनी, सविता, सुनीता और अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे।