विश्व प्रसिद्ध माता भीमेश्वरी देवी मंदिर में दो दिवसीय मेला शनिवार से शुरू हो गया। शनिवार को सुबह 4 बजे से मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़नी शुरू हो गई। नवरात्रों की सप्तमी को कालरात्रि के स्वरूप में मां भीमेश्वरी देवी को पूजा की गई। शनिवार सुबह 4 बजे माता का मंदिर में प्रवेश हुई। मंगला आरती के बाद श्रद्धालुओं के लिए दर्शन शुरू हो गए। दर्शन के लिए कतार में खड़े श्रद्धालुओं की आंखों में श्रद्धा भाव साफ दिखाई देता है तथा दर्शन के बाद आंखों की चमक उनके मन की संतुष्टि को बयां करती है। मेले को लेकर माहौल ऐसा हो गया है कि गांव में पैर रखते ही मां के प्रति लोगों की आस्था की झलक साफ दिखाई देने लगती है। हर ओर मां के जयकारे गूंज रहे हैं। पुलिस प्रशासन की ओर से किए गए व्यापक प्रबंध के बीच पूरा बेरी कस्बा मानो यहां पहुंचने वाले भक्तों के स्वागत के लिए तत्पर दिखाई दे रहा हैं। मां के दर्शनों के लिए बैरीकेट में लाईन में लगे भक्तों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो इसके मद्देनजर स्थानीय लोगों द्वारा जल सेवा के साथ-साथ भंडारों आदि की सेवा भी यहां खूब हो रही हैं। बाजार की रौनक की बात करें तो पूरे परिक्रमा स्थल ने एक बाजार का रुप धारण कर लिया हैं। बच्चें एवं महिलाएं, पुरुष एवं बुजुर्ग सभी छोटी बड़ी दुकानों के अलावा फड़ आदि पर अपने सामान की बिक्री करते हुए मेले के दौरान मिलने ग्राहकी का आनंद उठा रहे हैं।