हांसी में 37 दिन से चल रही नगरपालिका एवं अग्निशमन कर्मचारियों की ऐतिहासिक हड़ताल आखिरकार मांगों पर सहमति बनने के बाद खत्म हो गई। हड़ताल खत्म होने के बाद कर्मचारियों में खुशी की लहर दौड़ गई। नगरपालिका कार्यालय परिसर में कर्मचारियों और समर्थन देने वाले संगठनों ने जीत का जश्न मनाया। इस दौरान लड्डू बांटे गए और हड़ताल के दौरान गिरफ्तार किए गए कर्मचारियों समेत आंदोलन का समर्थन करने वालों को फूल मालाएं पहनाकर सम्मानित किया गया। हांसी नगरपालिका कार्यालय में आज उस समय माहौल जश्न में बदल गया, जब 37 दिन से चल रही सफाई एवं अग्निशमन कर्मचारियों की हड़ताल खत्म होने की खुशी में कर्मचारी एकजुट हुए। कर्मचारियों ने कहा कि सरकार ने उनकी मांगों को मान लिया है और मुख्यमंत्री के स्तर पर हुई मध्यस्थता के बाद मांगों पर सहमति बनी है। कर्मचारियों ने इसे अपनी एकता, संघर्ष और भाईचारे की जीत बताया।धरना स्थल पर किसान, मजदूर, व्यापारी, जनसंगठन, जनप्रतिनिधि और आम लोग भी पहुंचे और कर्मचारियों को हड़ताल की सफलता पर बधाई दी। इस दौरान हड़ताल के दौरान गिरफ्तार किए गए महिला और पुरुष कर्मचारियों को फूल मालाएं पहनाकर सम्मानित किया गया। आंदोलन का समर्थन करने वाले संगठनों के नेताओं और कर्मचारियों का मुकदमा लड़ने वाले वरिष्ठ अधिवक्ता रजत कंसल को भी सम्मानित किया गया। कर्मचारियों ने एक-दूसरे को लड्डू खिलाकर खुशी जाहिर की और किसान-मजदूर- व्यापारी-जनप्रतिनिधि-जनता भाईचारा और एकता जिंदाबाद के नारे लगाए। सुरेंद्र यादव ने कहा कि यह हड़ताल कर्मचारियों की एकता, संघर्ष और भाईचारे के कारण सफल हुई है। इसमें कर्मचारियों के साथ-साथ किसान, मजदूर, व्यापारी, जनप्रतिनिधि और आम जनता का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है। वहीं बीजेपी नेता एवं चेयरमैन राजेश ठकराल भी कर्मचारियों के बीच पहुंचे और उन्हें हड़ताल की सफलता पर बधाई दी। उन्होंने कर्मचारियों को आश्वासन दिया कि उनकी मांगों को जल्द लागू करवाने के लिए सरकार के समक्ष सिफारिश की जाएगी। उन्होंने कहा कि अब शहर की सफाई व्यवस्था को पटरी पर लाना उनकी प्राथमिकता है। कर्मचारियों के मुताबिक तीन दिनों के भीतर पूरे शहर की सफाई व्यवस्था को सामान्य करने का प्रयास किया जाएगा। 37 दिन तक चले संघर्ष के बाद मिली सहमति ने जहां कर्मचारियों के चेहरे पर खुशी ला दी, वहीं अब शहरवासियों को भी उम्मीद है कि सफाई व्यवस्था जल्द पटरी पर लौटेगी।