भारत के कई हिस्सों में हुई बारिश का सीधा असर आम आदमी की रसोई और जेब पर पड़ा है। लगातार बारिश के कारण मंडियों में सब्जियों की आवक बुरी तरह प्रभावित हुई है। इसका नतीजा सब्जियों की कीमतों में अचानक बढ़ोतरी के रूप में सामने आया है। हांसी सब्जी मंडी में इसका असर साफ दिखाई दे रहा है। प्याज और टमाटर जैसे अहम सब्जियों के दाम काफी बढ़ गए हैं। जो प्याज पहले 20 रुपये किलो था, वह अब 60 से 65 रुपये किलो तक पहुंच गया है। टमाटर 40 रुपये प्रति किलो और हरी मटर 140 रुपये किलो बिक रही है। लहसुन के दामों में करीब तीन गुना उछाल आया है, जो 120 रुपये से बढ़कर 350 रुपये किलो हो गया है। दुकानदार राजपाल यादव ने बताया कि बारिश से सब्जियों की आवक और गुणवत्ता दोनों प्रभावित हुई हैं। इससे कारोबारियों की लागत बढ़ गई है। दुकानदार नैन सिंह के अनुसार, ग्राहक अब पहले से कम मात्रा में सब्जियां खरीद रहे हैं। सब्जियों के बढ़े दाम बारिश के कारण प्याज समेत कई सब्जियां खराब हो रही हैं। इससे मंडी में सब्जियों की आवक में कमी आई है। यही वजह है कि सब्जियों के दाम अचानक बढ़ गए हैं। इन बढ़े दामों ने आम लोगों की रसोई का बजट बिगाड़ दिया है। कारोबारियों और ग्राहकों की परेशानी सब्जी दुकानदारों और आढ़तियों की परेशानी भी बढ़ गई है। महंगी सब्जियां खरीदने के बाद ग्राहक कम खरीद रहे हैं। ऐसे में दुकानदारों को कई बार दाम कम करके माल निकालना पड़ रहा है। आने वाले दिनों में सब्जियों की आवक पर और असर पड़ सकता है, जिससे महंगाई और बढ़ सकती है।