संवाद न्यूज एजेंसी हांसी। वार्ड 26 के सैनियान मोहल्ला में पिछले दो दिनों से बिजली गुल होने से लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। उमस भरी गर्मी में बिजली नहीं होने से लोगों का जनजीवन प्रभावित हुआ तो नाराज कॉलोनीवासियों ने बिजली निगम के एएक्सईएन कार्यालय का घेराव किया। लेकिन अधिकारी कार्यालय में नहीं मिले। इस पर क्षेत्रवासियों ने कार्यालय में ही नारेबाजी शुरु कर दी। वहीं मौके पर एसडीओ मोहनलाल ने जेई व लाइनमैन को समस्या के समाधान के लिए फोन किया तो उसने फोन नहीं उठाया। इधर क्षेत्रवासी समाधान को लेकर अड़े रहे। जिसके बाद निगम के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। 38 घंटे बाद शुक्रवार शाम करीब छह बजे बिजली सप्लाई बहाल हुई। सैनियान मोहल्ले की पीपल वाली गली में वीरवार सुबह चार बजे से बिजली संकट से जूझ रहे हैं। लगातार बिजली आपूर्ति बाधित रहने से भीषण गर्मी और उमस में लोगों का घरों में रहना मुश्किल हो गया है। सबसे ज्यादा परेशानी छोटे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को हो रही है। वार्ड के पार्षद दुलीचंद, क्षेत्रवासियों माया देवी व अन्य ने कहा कि उन्होंने बिजली निगम में कई बार शिकायत दर्ज कराई और अधिकारियों को फोन भी किए, लेकिन न तो फोन उठाया गया और न ही समस्या का समाधान किया गया। उन्होंने कहा कि पूरे इलाके में दो दिनों से बिजली नहीं है और निगम के अधिकारी लोगों की शिकायतों पर ध्यान नहीं दे रहे। समाधान के लिए वह निगम के एक्सईएन सुरिंदर मेहरा के कार्यालय पहुंचे लेकिन वहां अधिकारी मौजूद नहीं मिले। जिसके बाद निगम के एसडीओ मोहनलाल के पास पहुंचे। वहीं बिजली निगम के एसडीओ मोहन लाल से लोगों की समस्याओं और बिजली संकट पर जवाब जानना चाहा तो उन्होंने यह कहते हुए कैमरे पर बयान देने से इनकार कर दिया कि वे इस विषय पर बोलने के लिए अधिकृत नहीं हैं। उनका यह बयान कैमरे में कैद हो गया है। ओर अपनी कुर्सी छोड़कर उठ खड़े हुए।