हांसी। गांव चानौत में पानी की मांग को लेकर 33 दिन से धरना जारी है। वहीं नौ दिन से धरना स्थल पर आमरन अनशन पर बैठे 81 वर्षीय टेकराम दूहन की तबीयत में वीरवार को भी खास सुधार नहीं हुआ। वहीं धरने को पूर्व सांसद व कांग्रेस नेता बृजेंद्र सिंह व बसपा हरियाणा प्रदेशाध्यक्ष कृष्ण जमालपुर ने समर्थन दिया। नागरिक अस्पताल के चिकित्सकों व स्वास्थ्यकर्मियों ने टेकराम दूहन उनकी जांच की। उनकी शुगर 36 मिली। बृजेंद्र सिंह ने कहा कि गांव चानौत के लोगों की पानी की मांग पूरी तरह जायज है। और प्रत्येक नागरिक को स्वच्छ एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ग्रामीणों की इस मांग का पूर्ण समर्थन करती है और उनकी आवाज को हर स्तर पर उठाया जाएगा। पत्रकारों से बातचीत करते हुए बृजेंद्र सिंह ने कहा कि पानी की भाखड़ा में कोई कमी नहीं है, यदि हांसी आने वाली पाइप लाइन को थोड़ा और बड़ा कर दिया जाए तो हांसी के आसपास के जो गांव है उन्हें भी पानी मिल जाएगा, इससे किसी को भी पानी की कमी नहीं आने वाली है और ना ही हांसी में पानी की कोई कमी आएगी, ये एक जायज मांग है जिसका हम समर्थन करते है। धरना कमेटी बोली अधिकारी लाइव पीएं पानी वीरवार को अधिकारियों व कर्मचारियों के गांव चानौत के जलघर का पानी पीने के आदेश पर धरना कमेटी के सदस्य अनूप चानौत ने कहा कि अधिकारी गांव चानौत में आकर लाइव जलघर का पानी पीकर दिखाएं। उन्होंने कहा कि गांव की समस्याओं को सुलझाने की बजाय प्रशासन जनता को बरगलाने की कोशिश कर रहा है।