फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हांसी में सिलेंडर ब्लास्ट से बड़ा हादसा, जोरदार धमाके में तीन मकान ढहे, दो बच्चों समेत 5 लोग घायल

हांसी।हांसी-जींद रोड पर ढाणी चदरपुल के पास स्थित ढाणी चमारान में मंगलवार देर शाम करीब 7 बजे एक मकान में रखे घरेलू गैस सिलेंडर में जोरदार ब्लास्ट हो गया। धमाका इतना जबरदस्त था कि करीब 500 मीटर दूर तक आसपास के मकानों की छतें तक हिल गईं। ब्लास्ट के कारण तीन मकानों को नुकसान पहुंचा, जबकि जिस मकान में सिलेंडर फटा, वह पूरी तरह से जमींदोज हो गया।जानकारी के अनुसार, यह मकान प्रताप सिंह का है। हादसे के समय मकान में मौजूद प्रताप सिंह का बेटा नवीन, नवीन की भाभी एवं दीपक की पत्नी सुनीता, दीपक का करीब 8 वर्षीय बेटा निखिल और करीब 5 वर्षीय बेटी मीत गंभीर रूप से घायल हो गए। धमाके के बाद पूरा मकान ढह गया और चारों लोग मलबे में दब गए। धमाके की आवाज सुनते ही आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पड़ोसियों ने कड़ी मशक्कत के बाद मलबे में दबे चारों घायलों को बाहर निकाला। इसके बाद निजी वाहनों की मदद से सभी को हांसी के नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। यहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। घायलों की हालत फिलहाल ठीक बताई जा रही है। पड़ोसी के मकान का कमरा भी गिरा, बाल-बाल बची महिला सिलेंडर ब्लास्ट की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि प्रताप सिंह के मकान की ईंटें करीब 100 मीटर दूर तक जा गिरीं। मकान के तीन कमरों की छतें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। वहीं पड़ोसी गोपाल के मकान का एक कमरा भी गिर गया। बताया जा रहा है कि गोपाल के बेटे की बहू कुछ समय पहले ही पूजा करने के बाद कमरे से बाहर निकली थी, जिससे वह बाल-बाल बच गई। पड़ोसी हरिओम ने बताया आंखों देखा हाल मौके पर मौजूद पड़ोसी हरिओम ने बताया कि धमाका बहुत जबरदस्त था। उनके भाई गोपाल के मकान को भी काफी नुकसान पहुंचा है। धमाके के बाद आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और सभी ने मिलकर मलबे में दबे घायलों को बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। उन्होंने कहा कि यदि आसपास के लोग समय पर नहीं पहुंचते तो बड़ा हादसा हो सकता था। पुलिस ने शुरू की जांच घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना प्रभारी सदानंद पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। थाना प्रभारी ने बताया कि उन्हें जींद रोड पर ब्लास्ट होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने पर चार लोगों के घायल होने की जानकारी मिली है। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है। अभी तक कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है, लेकिन पुलिस अपने स्तर पर हर पहलू की जांच कर रही है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें