फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कुआं पूजन की खुशी मातम में बदली, हवाई फायरिंग में घायल दिल्ली पुलिस जवान की मौत

हांसी जिले के बास क्षेत्र के सिंघवा खास गांव में कुआं पूजन समारोह के दौरान की गई हवाई फायरिंग में गोली लगने से घायल दिल्ली पुलिस के 35 वर्षीय जवान अमरजीत की इलाज के दौरान मौत हो गई। अमरजीत के बाएं पैर में गोली लगी थी। गंभीर हालत में उसे भिवानी के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से हिसार रेफर किया गया। हिसार के निजी अस्पताल में 24 सितंबर की रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। आपको बता दें कि हिसार के नागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाया जायेगा। बास थाना पुलिस ने मृतक की पत्नी रिंकू की शिकायत पर दो नामजद आरोपियों समेत अन्य के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पत्नी रिंकू ने पुलिस को दिए बयान में बताया गया था कि वह जींद जिले के सफीदों क्षेत्र के गांव रोजला की रहने वाली है। 23 सितंबर को वह अपने पति अमरजीत के साथ अपने मामा के लड़के अंकित के बेटे के कुआं पूजन समारोह में शामिल होने सिंघवा खास आई थी। रिंकू के अनुसार रात करीब 10 बजे समारोह में परिवार के सदस्य और रिश्तेदार खुशी में नाच रहे थे। इसी दौरान सिंघवा खास निवासी सुरेंद्र और भिवानी निवासी उसका दोस्त मनोज अपने साथियों के साथ वहां पहुंचे। आरोप है कि उनके पास हथियार थे और वे हवाई फायरिंग कर रहे थे। शिकायत के अनुसार, इसी दौरान अचानक चली एक गोली अमरजीत के बाएं पैर में जा लगी। गोली लगते ही वह जमीन पर गिर गया और दर्द से चिल्लाने लगा। घटना के बाद सुरेंद्र, मनोज और उनके साथी हथियारों समेत मौके से फरार हो गए। परिजन तुरंत अमरजीत को इलाज के लिए भिवानी के निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे हिसार रेफर कर दिया। हिसार के निजी अस्पताल में उसका उपचार चल रहा था, लेकिन 24 सितंबर की रात उसने दम तोड़ दिया। मृतक की पत्नी ने आरोप लगाया कि सुरेंद्र और मनोज खुद तो हवाई फायरिंग कर ही रहे थे, साथ ही समारोह में आए छोटे बच्चों से भी हथियार चलवाकर फायरिंग करवा रहे थे। इसी दौरान गोली चलने से अमरजीत घायल हुआ। अमरजीत दिल्ली पुलिस में जवान था। परिवार में पत्नी रिंकू के अलावा उसकी पांच साल की बेटी है। जवान की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। छोटी बेटी के सिर से पिता का साया उठ गया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जय सिंह थाना प्रभारी बास ने परिजनों की शिकायत के आधार पर दो नामजद समेत अन्य के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और घटना में शामिल लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें