हांसी। नारनौंद विधानसभा क्षेत्र के बास की अनाज मंडी में कांग्रेस की ओर से आयोजित ब्लॉक कार्यकर्ता सम्मेलन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और ग्रामीण पहुंचे। सम्मेलन को संबोधित करते हुए नारनौंद विधायक जस्सी पेटवाड़ ने कहा कि कार्यक्रम एक छोटे कार्यकर्ता सम्मेलन के रूप में आयोजित किया गया था, लेकिन बास ब्लॉक के 24 गांवों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और सम्मेलन रैली में तब्दील हो गया। विधायक जस्सी पेटवाड़ ने कहा कि बास ब्लॉक के 24 गांवों के लोगों, 36 बिरादरी के बुजुर्गों, माताओं-बहनों और युवाओं ने जिस तरह से कार्यक्रम में पहुंचकर उन्हें आशीर्वाद दिया, उसके लिए वह हमेशा लोगों के कर्जदार रहेंगे। उन्होंने सम्मेलन में पहुंचे कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और विधायकों का भी आभार जताया। जस्सी पेटवाड़ ने कहा कि फसल के सीजन और शाम का समय होने के बावजूद बड़ी संख्या में लोगों का पहुंचना उनके प्रति लोगों के विश्वास को दर्शाता है। विधायक ने इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला और चौटाला परिवार पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि अभय चौटाला समेत पूरा चौटाला परिवार बीजेपी की पैरोल पर है और बीजेपी के इशारे पर राजनीति करता है। उन्होंने कहा कि इनेलो लगातार कांग्रेस और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर निशाना साधने का काम करती है। जस्सी पेटवाड़ ने कहा राजनीतिक तालमेल के कारण ही इनेलो दो सीटों तक सिमट गई है और अगली बार ये दो सीटें भी नहीं बचेंगी। विधायक ने विकास कार्यों को लेकर बीजेपी सरकार पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यदि राज्य और केंद्र दोनों जगह सरकार है तो विकास कार्यों को रोकने का सवाल ही नहीं उठता। जस्सी पेटवाड़ ने कहा कि पूर्व वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु पर हमला बोलते हुए कहा कि केवल भवन खड़ा कर देना विकास नहीं है। अस्पताल बनाया गया है तो उसमें डॉक्टर और मरीजों के इलाज की सुविधा होनी चाहिए। स्कूल की बिल्डिंग बनाने के साथ वहां शिक्षक और विद्यार्थी भी होने चाहिए। इसी तरह पशु चिकित्सा केंद्र में डॉक्टर और इलाज की सुविधाएं उपलब्ध होना जरूरी है। उन्होंने आरोप लगाया कि केवल इमारतें खड़ी करने और सड़कें बनाने को विकास नहीं कहा जा सकता। उन्होंने सड़कों की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि बनाई गई सड़क कुछ समय बाद ही टूट जाए तो इसे विकास का पैमाना नहीं माना जा सकता। विधायक ने सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि केवल कुछ समय के लिए क्षेत्र में आकर विकास कार्यों की तस्वीर दिखाने से लोगों की समस्याएं हल नहीं होतीं। उन्होंने कहा कि जनता को स्थायी और धरातल पर दिखाई देने वाला विकास चाहिए।