हांसी नगर परिषद में सफाई कर्मचारियों का धरना तीसरे दिन भी जारी रहा। लगातार तीन दिन से सफाई कार्य ठप होने के बाद आज कर्मचारियों का गुस्सा और बढ़ गया। आक्रोशित कर्मचारियों ने नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी का पुतला फूंककर विरोध जताया। कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर नगर परिषद परिसर में प्रदर्शन किया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। सफाई कर्मचारियों के काम पर नहीं लौटने के कारण शहर की सफाई व्यवस्था लगातार प्रभावित हो रही है। नगर पालिका कर्मचारी संघ जिला हांसी के प्रधान ने कहा कि कर्मचारियों की मांगों को लेकर प्रशासन को कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अभी तक समस्याओं का समाधान नहीं हुआ है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर रविवार तक मांगें नहीं मानी गईं तो सोमवार से नारनौद हल्के के सफाई कर्मचारी भी हड़ताल पर चले जाएंगे। इसके बाद पैदा होने वाली स्थिति की जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में 3 से 4 महीने से लंबित वेतन का भुगतान, करीब एक साल से रुका तेल और साबुन उपलब्ध करवाना तथा पिछली हड़ताल के दौरान कर्मचारियों पर दर्ज मामलों को वापस लेना शामिल है। सफाई कर्मचारी एवं अग्निशमन के जिला प्रधान सुलेमान ने कहा कि मुख्यमंत्री की ओर से कर्मचारियों पर दर्ज मामलों को वापस लेने के आदेश दिए गए थे, लेकिन स्थानीय स्तर पर इन आदेशों की पालना नहीं की जा रही है। इसी को लेकर कर्मचारियों में रोष है। वहीं सर्व कर्मचारी संघ के ऑडिटर अशोक यादव ने कहा कि कर्मचारियों की मांगों का जल्द समाधान किया जाना चाहिए। उन्होंने लंबित वेतन सहित अन्य समस्याओं का निपटारा करने की मांग की। हड़ताल के चलते शहर की सफाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है और अगर आंदोलन आगे बढ़ता है तो इसका असर नारनौद क्षेत्र में भी देखने को मिल सकता है।