शहर के न्यू मिनी मॉडल टाउन में एक घरेलू विवाद ने खौफनाक मोड़ ले लिया, जहां एक जीजा ने कथित तौर पर अपने दो सालों पर गोलियां चला दीं। गनीमत यह रही कि दोनों भाई बाल-बाल बच निकले। यह घटना मंगलवार को हुई, जब बहन से मारपीट की सूचना पर जसबीर और मनदीप नामक दो भाई अपनी बहन सरोज की ससुराल पहुंचे थे। जानकारी के अनुसार, वर्ष 2010 में बास गांव निवासी बारू के साथ हुई सरोज का वर्तमान में हांसी के न्यू मिनी मॉडल टाउन में अपने पति के साथ विवाद हो गया था। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच हुए झगड़े के बाद सरोज ने अपने भाइयों को फोन कर मारपीट की सूचना दी। सूचना मिलते ही जसबीर और मनदीप अपनी बहन के घर पहुंचे। आरोप है कि दोनों भाइयों को गेट पर देखते ही बारू भड़क गया और उसके भाई नरेश के साथ मिलकर दोनों भाइयों से कहासुनी शुरू कर दी। कहासुनी के बाद मामला धक्का-मुक्की तक पहुंच गया। इसी दौरान, बारू ने कथित तौर पर पिस्तौल निकालकर फायरिंग कर दी। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने दो फायर किए, जिसमें एक गोली मिस हो गई। दूसरी गोली चलाने की कोशिश के दौरान, दोनों भाइयों ने उसका हाथ पकड़ लिया, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना डायल-112 पर दी गई, जिसके बाद हांसी शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। जसबीर ने आरोप लगाया कि शादी के शुरुआती वर्षों के बाद बारू नशा करने लगा और उसकी बहन सरोज के साथ मारपीट करता था। हांसी शहर बस स्टैंड जांच अधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि मॉडल टाउन में गोली चलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि पति-पत्नी के विवाद के बाद महिला ने अपने भाइयों को बुलाया था, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ और बारू ने पिस्तौल से दो फायर किए। पुलिस के अनुसार, आरोपी फिलहाल फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक ने दो टीमों का गठन किया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।