अधिकारियों की ओर से शहर में 3 से 4 घंटे में पूरे शहर से बारिश के पानी के निकासी के दावे किए जा रहे हैं। हकीकत में यह दावे केवल कागजों में ही पूरे हो रहे हैं। शहर के दिल्ली रोड पर बारिश थमने के 24 घंटे बाद भी वाहनों को पानी के अंदर से गुजरना पड़ रहा है। औद्योगिक एरिया में भी अब भी पानी भरा हुआ है। दो दिन में शहर में 113.5 एमएम पानी बरसा। जिसके बाद से शहर के सभी मुख्य मार्ग पानी में डूब गए। निगमायुक्त नीरज ने जनस्वास्थ्य विभाग व निगम के अधिकारियों के साथ शहर के जलभराव वाले क्षेत्रों का निरीक्षण किया और उन्हें जल्द से जल्द पानी की निकासी करवाने के आदेश दिए थे। जिसका असर नजर नहीं आ रहा। बुधवार अल सुबह करीब 4 बजे शहर में बारिश हुई। इस दौरान सुबह साढ़े 8 बजे तक 38.4 एमएम बारिश दर्ज की गई। इस बारिश से ही शहर में कई जगहों पर पानी भर गया। अभी इस पानी की निकासी भी नहीं हुई थी कि दोपहर को फिर से झमाझम बारिश हो गई। इसके साथ ही शाम साढ़े 5 बजे तक शहर में 18.6 एमएम पानी और बरस गया। अब तक 12 घंटे में 57 एमएम पानी बरस चुका था। अभी बारिश को थमे हुए एक दो घंटे ही बीते थे कि फिर से बादल बरसना शुरू हो गए और रात भर रुक-रुक कर बरसते रहे। वीरवार सुबह साढ़े 8 बजे तक 33.6 एमएम बारिश और हो गई। मगर अब भी बादल शांत नहीं हुए और दिनभर बूंदाबांदी होती रही जिससे शहर में 22.9 एमएम पानी और बरस गया।