नगर निगम प्रशासन ने आज से शहर में पशु करने के लिए विशेष अभियान शुरू किया। मेयर प्रवीण पोपली ने अभियान का शुभारंभ किया। अभियान की शुरुआत नई अनाज मंडी से की गई। यह अभियान 31 अगस्त तक जारी रहेगा। नगर निगम की टीम विशेष अभियान के तहत सबसे पहले नई अनाज मंडी में पहुंची। टीम ने अनाज मंडी के तीनों गेट बंद किए और मंडी में एकत्रित पशुओं को पकड़ना शुरू किया। इस दौरान दो पशुपालक बाइक पर सवार होकर वहां पहुंचे। उन्होंने अभियान में बाधा डालने की कोशिश की। इस पर टीम के साथ मौजूद पुलिस कर्मचारियों ने उन पशुपालकों को पकड़ लिया और उनकी बाइक को भी जब्त कर लिया। इस अभियान के लिए तीस कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा अभियान के लिए काफी पुलिस बल भी तैनात किया गया है।