अग्रोहा धाम में आयोजित वैश्य समाज के वार्षिक मेले में शामिल होने के लिए हांसी से श्रद्धालुओं के लिए 12 निशुल्क बसों की व्यवस्था की गई है। श्याम बाबा मंदिर के तोरण द्वार से हांसी के विधायक विनोद भयाना ने इन बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन बसों के माध्यम से श्रद्धालु अग्रोहा धाम पहुंचकर महाराजा अग्रसेन के प्रति अपनी आस्था प्रकट करेंगे और पूजा-अर्चना के साथ विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों में भाग लेंगे। अग्रोहा धाम के हांसी प्रधान विनय जैन ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह व्यवस्था की गई है, ताकि अधिक से अधिक लोग आसानी से मेले में पहुंचकर दर्शन कर सकें। वैश्य समाज के वार्षिक मेले को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। इस अवसर पर पुष्पक मित्तल और नगर परिषद के वाइस चेयरमैन अनिल बंसल ने भी मेले को लेकर श्रद्धालुओं के उत्साह का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि अग्रोहा धाम पहुंचकर श्रद्धालु पूजा-अर्चना करने के साथ विभिन्न धार्मिक आयोजनों में हिस्सा लेंगे। कांग्रेस नेता पवन गोयल ने बताया कि मेले में धार्मिक आयोजनों के साथ सम्मेलन, सांस्कृतिक कार्यक्रम, ट्रेड फेयर और आकर्षक झांकियां मुख्य आकर्षण रहेंगे। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिरों में दर्शन, खान-पान के पंडाल, पेयजल, पार्किंग, जूता सेवा, यातायात प्रबंधन और चिकित्सा सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा सम्मेलन पंडाल और शक्ति सरोवर में स्नान की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। विधायक विनोद भयाना ने कहा कि महाराजा अग्रसेन से जुड़े इस वार्षिक मेले के प्रति लोगों में गहरी आस्था है और बड़ी संख्या में श्रद्धालु अग्रोहा धाम जा रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि हांसी में आज राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का राज्यस्तरीय कार्यक्रम भी आयोजित किया गया।