फतेहाबाद। जिला परिषदकी चेयरपर्सन एवं भाजपा जिला उपाध्यक्ष एडवोकेट सुमन सुभाष खीचड़ ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि चुनाव आयोग के हालिया सर्वसम्मत स्पष्टीकरण ने एसआईआर और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर कांग्रेस द्वारा लगाए जा रहे आरोपों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी लंबे समय से चुनाव आयोग और चुनावी प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाते रहे हैं। लेकिन अब चुनाव आयोग के मुख्य चुनाव आयुक्त एवं दोनों चुनाव आयुक्तों की बैठक के बाद जारी संयुक्त बयान में स्पष्ट किया गया है कि एसआईआर सहित प्रमुख निर्णय सर्वसम्मति से लिए गए हैं। आयोग के अनुसार 24 जून 2025 के मूल आदेश से लेकर विभिन्न चरणों की समय-सारणी तक निर्णय पूरे आयोग की सहमति से लिए गए। उन्होंने राहुल गांधी पर सीधा निशाना साधते हुए कहा कि, देश आपके आरोप सुन चुका है। अब देश प्रमाण देखना चाहता है। यदि चुनाव आयोग के सर्वसम्मत निर्णय के विपरीत आपके पास कोई दस्तावेज है, तो उसे सार्वजनिक कीजिए। लोकतंत्र में आरोप लगाना आसान है, लेकिन आरोप को प्रमाणित करना जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस यदि चुनाव आयोग के भीतर मतभेद का दावा करती है तो उसे यह बताना चाहिए कि कौन-सा चुनाव आयुक्त किस निर्णय से असहमत था, किस बैठक में असहमति दर्ज हुई और उसका आधिकारिक रिकॉर्ड कहां है।यदि प्रमाण है तो सामने रखिए। यदि प्रमाण नहीं है तो देश के सामने यह सवाल रहेगा कि इतनी गंभीर बातें किस आधार पर कही गईं। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची से जुड़ा विषय करोड़ों नागरिकों के अधिकार से जुड़ा है और इस पर राजनीति के बजाय स्पष्ट तथ्य जनता के सामने आने चाहिए। उन्होंने कहा कि इन सवालों का जवाब राजनीतिक भाषण से नहीं, दस्तावेज और प्रमाण से दिया जाना चाहिए।