टोहाना। शहर की गुप्ता कॉलोनी वार्ड नंबर 3 में गली निर्माण कार्य अधूरा छोड़े जाने से लोगों में भारी रोष है। मंगलवार को कॉलोनीवासियों ने गली में एकत्रित होकर प्रशासन और ठेकेदार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और जल्द काम शुरू न होने पर चंडीगढ़ रोड जाम करने की चेतावनी दी। स्थानीय लोगों ने बताया कि करीब दो महीने पहले गली को उखाड़ दिया गया था। पानी निकासी के लिए बनाए गए मैनहोल भी खुले पड़े हैं। ठेकेदार ने गली में थोड़ी-बहुत मिट्टी डालकर काम बंद कर दिया। आरोप है कि ठेकेदार एक दिन आता है और दस दिन छुट्टी कर लेता है। गुस्साए लोगों का कहना है कि उन्होंने कई बार ठेकेदार, एमसी और प्रधान नरेश बंसल को फोन किया, लेकिन हर बार सुबह मिस्त्री-मजदूर भेजने का आश्वासन देकर टाल दिया जाता है। दिवाली का त्योहार सिर पर है, लोग घरों की सफाई भी नहीं कर पा रहे हैं। घरों में रेत-मिट्टी भर रही है। बच्चे स्कूल जाते ही कपड़े गंदे कर लेते हैं। कॉलोनीवासियों ने कहा कि यदि दो दिन के अंदर गली का निर्माण कार्य दोबारा शुरू नहीं हुआ तो वे मजबूरन चंडीगढ़ रोड पर जाम लगाएंगे। इस दौरान महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे बड़ी संख्या में मौजूद रहे।