जिले की अनाज मंडियों में धान की खरीद और उठान का कार्य लगातार जारी है। अब तक मंडियों में 8,02,430 क्विंटल धान की खरीद की जा चुकी है। खरीद प्रक्रिया को सुचारू रूप से चलाने के लिए संबंधित अधिकारियों द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं, ताकि किसानों को अपनी फसल बेचने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। मार्केट कमेटी के सचिव अमित रोहिल्ला ने बताया कि मंडियों में किसानों की सुविधा का पूरा ध्यान रखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसानों को धान की खरीद प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या नहीं आने दी जाएगी। इसके लिए खरीद और उठान कार्य पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे अपनी धान की फसल को अच्छी तरह सुखाकर ही मंडी में लेकर आएं। फसल में नमी अधिक होने से खरीद प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है। इसलिए किसान निर्धारित मानकों के अनुसार सूखी फसल मंडी में लाएं, ताकि खरीद कार्य सुचारू रूप से संपन्न हो सके।