फतेहाबाद। डीपीआरसी भवन में सोमवार को जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी की अध्यक्षता में हुई। बैठक में 13 शिकायतों की सुनवाई की गई, जिनमें आठ मामलों का मौके पर ही निपटारा कर दिया गया, जबकि पांच मामलों को लंबित रखा गया। गांव नाडोढ़ी में खाल खुलवाने के मामले में लापरवाही सामने आने पर कैबिनेट मंत्री ने सिंचाई विभाग के एसडीओ के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एसडीओ शाम पांच बजे तक अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत नहीं करते हैं तो उन्हें निलंबित करने की कार्रवाई की जाए। वहीं गांव मढ़ के एक किसान की शिकायत पर बिजली निगम के अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई गई। किसान ने आरोप लगाया कि खेत में बिजली आपूर्ति से संबंधित काम के लिए उससे पैसों की मांग की गई और अधिकारियों ने काम नहीं करने की बात कही। इस पर मंत्री ने लाइनमैन कश्मीर सिंह को चार्जशीट करने के आदेश दिए। किसान द्वारा अधिकारियों के कथित बयान का जिक्र करने पर मंत्री ने नाराजगी जताते हुए कहा कि अधिकारियों को अपना काम जिम्मेदारी से करना चाहिए। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे मामले कष्ट निवारण समिति तक पहुंचने से सरकार की छवि भी प्रभावित होती है।