ऑनलाइन तबादला नीति को लेकर स्वास्थ्य विभाग के नर्सिंग ऑफिसरों में असंतोष बढ़ता जा रहा है। पांच साल या इससे अधिक समय से एक ही अस्पताल में तैनात 40 से अधिक नर्सिंग ऑफिसरों के संभावित तबादलों के विरोध में मंगलवार को नागरिक अस्पताल में कर्मचारियों ने दो घंटे सांकेतिक धरना शुरू किया। हालांकि इस दौरान जच्चा-बच्चा वार्ड और आपातकाल वार्ड में काम जारी रहा। एसोसिएशन के आह्वान पर यह विरोध बुधवार को भी सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक जारी रहेगा। नर्सिंग ऑफिसरों का कहना है कि मॉडल ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी को लागू करने से पहले उनकी व्यावहारिक दिक्कतों और मांगों पर विचार किया जाना चाहिए। इस संबंध में नर्सिंग एम्प्लाइज वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य विभाग के उच्च अधिकारियों को भी अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक समाधान नहीं हुआ। धरने पर बैठे नर्सिंग ऑफिसर आशा वर्मा, आशा आहुजा, संदीप चाहर विनोद रानी, सुमित्रा, संदीप कुमार, पूनम रानी ने कहा कि लंबे समय से एक ही स्थान पर सेवाएं दे रहे कर्मचारियों के तबादले से कई तरह की परेशानियां सामने आएंगी। उन्होंने सरकार से ऑनलाइन प्रक्रिया शुरू करने से पहले कर्मचारियों की मांगों पर उचित निर्णय लेने की मांग की।