शहर में रविवार सुबह बिजली कटौती के कारण कई इलाकों के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बिजली निगम की ओर से 33 केवी लाइन की मेंटेनेंस के चलते सुबह 8 बजे से शहर के कई क्षेत्रों की बिजली सप्लाई बंद रखी गई। बिजली आपूर्ति बंद रहने से मॉडल टाउन, योग नगर, भाटिया कॉलोनी, बिगाड़ रोड, सुंदर नगर, तहसील चौक, थाना रोड, धर्मशाला रोड, जवाहर चौक, एसबीआई रोड, सिरसा रोड, रतिया चुंगी और सिविल अस्पताल क्षेत्र के लोगों को दिक्कतें झेलनी पड़ीं। सुबह के समय बिजली बंद रहने से घरों में पानी की सप्लाई, कूलर-पंखे और अन्य घरेलू कार्य प्रभावित रहे। कई लोगों ने बताया कि रविवार को छुट्टी का दिन होने के कारण अधिकांश लोग घरों में थे, ऐसे में बिजली बंद होने से परेशानी और बढ़ गई। खासकर छोटे बच्चों और बुजुर्गों को गर्मी के कारण दिक्कत महसूस हुई। बिजली निगम के अधिकारियों के अनुसार 33 केवी लाइन की आवश्यक मेंटेनेंस के चलते यह शटडाउन लिया गया था ताकि भविष्य में किसी प्रकार की तकनीकी समस्या न आए और उपभोक्ताओं को बेहतर बिजली आपूर्ति मिल सके।