सीआईए पुलिस टीम ने एक मादक पदार्थ तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से अनुमानित 4 लाख रुपए कीमत की हेरोइन बरामद की है। सीआईए प्रभारी उप निरीक्षक अशोक कुमार ने बताया कि पुलिस उप निरीक्षक अजय के नेतृत्व में गश्त पर थी। इसी दौरान विश्वसनीय सूत्र से सूचना प्राप्त हुई कि समैन निवासी संदीप गिल नशीले पदार्थों की अवैध तस्करी करता है और वर्तमान में टोहाना के नए बाइपास पर लोहाखेड़ा मार्ग के समीप किसी व्यक्ति को हेरोइन की आपूर्ति करने के उद्देश्य से खड़ा है। सूचना की पुष्टि होते ही पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए बताए गए स्थान पर दबिश दी। मौके पर एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस वाहन को देखकर भागने का प्रयास करने लगा जिसे टीम ने पीछा कर धर दबोचा। पूछताछ में उसकी पहचान संदीप गिल के रूप में हुई। नियमानुसार तलाशी लेने पर उसके पास से 50.17 ग्राम हेरोइन बरामद की गई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 4 लाख रुपए है। आरोपी के विरुद्ध थाना शहर में एनडीपीएस अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई गई है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी से नशा तस्करी से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं, जिनकी गहन जांच की जा रही है।