ऑटो मार्केट में प्रधान पद को लेकर चल रही खींचतान के बीच खुद को नवनियुक्त प्रधान कहने वाले बलविंद्र उर्फ बल्ली ने बहुमत अपने साथ होने का दावा किया है। उन्होंने कहा कि ऑटो मार्केट के लोगों ने उन्हें चुना है और उनके पास पर्याप्त बहुमत है। मार्केट में किसी तरह का विवाद नहीं है। उनकी प्राथमिकता लंबे समय से दुकानें मिलने का इंतजार कर रहे करीब 30 साल पुराने मिस्त्रियों को दुकानें अलॉट करवाना है। इसके साथ ही यूनियन का रजिस्ट्रेशन करवाकर संगठन को औपचारिक रूप देने की बात भी कही। शनिवार को बल्ली ने धन्यवादी दौरा किया। प्रधान पद को लेकर पिछले करीब एक माह से मार्केट में खींचतान चल रही है। हरपाल ढाका नए प्रधान बल्ली के चयन का विरोध कर चुके हैं। ढाका का कहना है कि वह ही प्रधान है। वहीं, बल्ली ने भाजपा जिलाध्यक्ष प्रवीण जोड़ा और पूर्व विधायक दुड़ाराम से मुलाकात कर अपना पक्ष रखा था। दूसरी ओर, हरपाल ढाका भी सम्मेलन के जरिये शक्ति प्रदर्शन कर चुके हैं और समर्थकों के साथ पूर्व विधायक दुड़ाराम के पास पहुंचे थे। ऐसे में प्रधान पद को लेकर दोनों पक्षों के बीच वर्चस्व की लड़ाई चर्चा में है।