टोहाना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में शुरू किए गए सेवा संकल्प अभियान के तहत टोहाना में लगाया गया निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर बुधवार को 14वें दिन भी जारी रहा। पूर्व मंत्री देवेंद्र बबली ने शिविर का जायजा लिया और व्यवस्थाओं की जानकारी दी। बबली ने बताया कि इस अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को की गई थी। शहर के वार्डों और गांवों में घर-घर जाकर बुजुर्गों, माताओं, बहनों, युवाओं और बच्चों के फॉर्म भरवाए गए। शिविर में सभी सुविधाएं, दवाइयां, चश्मे और जांच पूरी तरह निशुल्क मुहैया कराई जा रही हैं। ऑपरेशन के लिए चिन्हित मरीजों के ऑपरेशन 2 अक्टूबर के बाद शुरू किए जाएंगे। पूर्व मंत्री ने कहा कि यह शिविर कैप्टन उमराव सिंह ट्रस्ट और भाजपा कार्यकर्ताओं के सहयोग से लगाया गया है। राजनीति अपनी जगह है, लेकिन जरूरतमंद की सेवा सबसे बड़ा धर्म है। यह संस्कार उन्हें अपने दादा और पिता से मिला है। उन्होंने कहा कि यह सेवा निरंतर जारी रहेगी। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर स्वास्थ्य लाभ लिया और अभियान की सराहना की।