लघु सचिवालय स्थित सरल केंद्र में पेयजल की गंभीर समस्या बनी हुई है। वहीं, सरल केंद्र में आने वाली महिलाओं के लिए शौचालय तक नहीं है। यहां प्रतिदिन एक हजार से अधिक लोग आते हैं और पानी और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधा के अभाव में वो परेशानियों से दो-चार हो रहे हैं। लोगों ने जिला प्रशासन से महिला शौचालय निर्माण के साथ पेयजल का प्रबंध करने की मांग की है। सरल केंद्र में लाइसेंस, आरसी, जमीन फर्द, जमाबंदी नकल, जमीन रजिस्ट्री आदि कार्य करवाने के लिए प्रतिदिन लोग आते हैं। यहां पीने के पानी की व्यवस्था नहीं है और नंबर आने तक अगर किसी को प्यास लग जाए तो उसे इधर-उधर की भागदौड़ कर या फिर दुकान से पानी की बोतल खरीदकर प्यास बुझानी पड़ रही है।